
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सुबह-सुबह नाश्ता बनाने का समय बहुत कम लोगों के पास होता है। ऐसे में, बटर टोस्ट, जैम-ब्रेड या सैंडविच हमारी पहली पसंद बन जाते हैं।
बेशक ब्रेड एक आसान और जल्दी तैयार होने वाला ऑप्शन है, जिसे बच्चे हो या बड़े, सभी चाव से खाते हैं, लेकिन एक बड़ा सवाल यह है कि क्या रोजाना नाश्ते में ब्रेड खाना आपके शरीर के लिए फायदेमंद है? आइए, दिल्ली के मैकक्योर और आस्था अस्पताल के जनरल फिजिशियन, डॉ. प्रतीक कुमार से समझते हैं कि रोजाना ब्रेड खाने से शरीर के अंदर क्या बदलाव आते हैं।
इंस्टेंट एनर्जी, लेकिन जल्दी लगने वाली भूख
ज्यादातर घरों में व्हाइट ब्रेड का इस्तेमाल होता है, जो मैदा यानी रिफाइंड आटे से बनी होती है। इसमें कार्बोहाइड्रेट की मात्रा बहुत ज्यादा और फाइबर काफी कम होता है। जब आप इसे खाते हैं, तो शरीर को फौरन एनर्जी मिल जाती है, लेकिन यह एनर्जी ज्यादा देर तक नहीं टिकती। नतीजा यह होता है कि आपको बहुत जल्दी दोबारा भूख लग जाती है और बार-बार कुछ खाने की क्रेविंग होने लगती है।
डायबिटीज का खतरा
व्हाइट ब्रेड का एक बड़ा नुकसान यह है कि यह पेट में बहुत तेजी से पच जाती है, जिससे खून में शुगर का स्तर अचानक से बढ़ जाता है। अगर आप एक सुस्त लाइफस्टाइल जीते हैं और रोजाना ब्रेड खाते हैं, तो समय के साथ आपको ‘टाइप 2 डायबिटीज’ होने का खतरा काफी बढ़ सकता है।
शरीर में पोषण की कमी
सिर्फ ब्रेड से पेट भरने का मतलब है कि आपके शरीर को जरूरी डाइट नहीं मिल रही है। ब्रेड में विटामिन, मिनरल्स और प्रोटीन की भारी कमी होती है। अगर आप नियमित रूप से सिर्फ ब्रेड पर निर्भर रहते हैं, तो शरीर में इन जरूरी तत्वों की कमी हो जाती है। इसके कारण आपको:
थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है।
आपकी बीमारियों से लड़ने की ताकत कमजोर पड़ सकती है।
पेट की समस्याएं और ‘ग्लूटेन’
कई लोगों को ब्रेड खाने के बाद पेट फूलने या गैस की शिकायत होती है। इसका मुख्य कारण गेहूं में पाया जाने वाला ‘ग्लूटेन’ नामक तत्व होता है। जिन लोगों का शरीर ग्लूटेन को नहीं पचा पाता (ग्लूटेन इनटॉलरेंस या सेंसिटिविटी), उनके लिए रोजाना ब्रेड खाना पेट की परेशानियों को और ज्यादा बढ़ा सकता है।
तेजी से बढ़ता हुआ वजन
ब्रेड के साथ हम अक्सर बटर, जैम या अन्य प्रोसेस्ड स्प्रेड्स लगाकर खाते हैं। इससे आपके शरीर में जाने वाली कैलोरी की मात्रा बहुत ज्यादा हो जाती है। अगर इसे रोजाना इसी तरह खाया जाए, तो धीरे-धीरे आपका वजन बढ़ने की पूरी संभावना रहती है।
क्या ब्रेड खाना पूरी तरह छोड़ देना चाहिए?
इसका जवाब है- नहीं! अगर आप सही टाइप की ब्रेड चुनें और उसे संतुलित मात्रा में खाएं, तो यह एक बेहतरीन और सुविधाजनक नाश्ता बन सकता है। इसके लिए आप ये आसान बदलाव कर सकते हैं:
सही ब्रेड चुनें: व्हाइट ब्रेड की जगह ‘ब्राउन ब्रेड’ या ‘होल ग्रेन ब्रेड’ को अपनी डाइट में शामिल करें। इनमें फाइबर और पोषक तत्व ज्यादा होते हैं, जो पाचन को बेहतर रखने में मदद करते हैं।
न्यूट्रिशन बढ़ाएं: अपने ब्रेड नाश्ते को हेल्दी बनाने के लिए इसमें प्रोटीन और फाइबर जरूर शामिल करें।



